अमेठीः ट्रैक्टर की चपेट में आने से ढाई साल की मासूम की मौत
November 02, 2026
अमेठी। जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के वारिसगंज बाजार में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गयज्ञं पुलिस के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान अश्मीरा के रूप में हुई है। वह अपने पिता अंसार के साथ वारिसगंज बाजार में अपने रिश्तेदार के यहां आई थी। सोमवार को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक अनवर वारिसगंज का निवासी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्ची के परिजन प्रतापगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक यजेंद्र पटेल ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। महज ढाई साल की बच्ची की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर बाजार और आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
