संग्रामपुर/अमेठी। धनतेरस और दीपावली के पावन अवसर पर दुग्ध उत्पादक किसानों के चेहरे पर भी खुशियां देखने को मिलीं। संग्रामपुर क्षेत्र के नारायनपुर गांव में संचालित श्वेत धारा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के पीआई सहायता केंद्र उमापुर की ओर से दुग्ध संकलन केंद्र पर नियमित रूप से दूध पहुंचाने वाले और अच्छी गुणवत्ता का दूध उपलब्ध कराने वाले किसानों को दीपावली का उपहार एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।इस पहल के माध्यम से केंद्र से जुड़े पशुपालकों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी मेहनत और योगदान को सम्मान दिया गया।
केंद्र सहायक ने किसानों को उपहार भेंट करते हुए कहा कि गांव के पशुपालकों की मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि आज श्वेत धारा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही है। कंपनी गांव-गांव में दुग्ध संकलन केंद्र खोलकर पशुपालकों के घरों तक पहुंच रही है और उनके दूध का उचित मूल्य उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। किसान और पशुपालक दिन-रात मेहनत करके दूध उत्पादन करते हैं। ऐसे में उनकी मेहनत को पहचान और सम्मान मिलना जरूरी है।
दुग्ध उत्पादकों को बेहतर गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।वहीं, केंद्र पर नियमित रूप से दूध पहुंचाने वाले किसानों ने दीपावली के अवसर पर सम्मान और उपहार मिलने पर खुशी जाहिर की। किसानों ने केंद्र सहायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहार के मौके पर इस तरह सम्मानित किए जाने से उनका उत्साह बढ़ा है।
उन्होंने भविष्य में भी बेहतर गुणवत्ता का दूध उपलब्ध कराने और संस्था के साथ मिलकर आगे बढ़ने का भरोसा जताया। धनतेरस के अवसर पर आयोजित यह छोटा सा सम्मान समारोह किसानों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना का संदेश देता नजर आया।
श्वेत धारा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की पहल, अच्छी गुणवत्ता का दूध देने वाले पशुपालकों का बढ़ाया उत्साह



