अमेठीः जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा बैठक
November 06, 2026
अमेठी। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनगणना कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में तैनात प्रगणकों और सुपरवाइजरों के साथ तत्काल समन्वय बैठक करें तथा उन्हें जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली और निर्धारित प्रक्रिया की पूरी जानकारी दें। साथ ही तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दियज्ञं बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह ने भी सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्मिकों का प्रशिक्षण और क्षेत्रवार तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि गणना के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। जनसामान्य की सुविधा के लिए जनगणना के द्वितीय चरण में स्वगणना की व्यवस्था की गई है। इसके तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक लोग पोर्टल पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली स्वगणना आईडी सुरक्षित रखनी होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवारों की जानकारी एकत्र करेंगे। ऑनलाइन स्वगणना कराने वाले परिवारों को भी प्रगणक के पहुंचने पर अपनी आईडी दिखानी होगी, ताकि विवरण का सत्यापन किया जा सके। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं और घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
