अमेठी। जनपद में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ चोर पुलिस को चुनौती देते हुए बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के बाईपास स्थित खरौना गांव का है, जहां चोरों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार चोरी की इस वारदात में चोर घर में रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर और बेटी के विवाह की तैयारी के लिए जुटाए गए सोने-चांदी के गहने भी उठा ले गए।जानकारी के मुताबिक, घर के सभी सदस्य किसी काम से अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान को देखकर चोरों ने अपना निशाना बनाया। घर में घुसे चोरों ने कमरों और अलमारियों को खंगाल डाला तथा कीमती सामान समेटकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब पड़ोसी की नजर घर की स्थिति पर पड़ी तो उसने तत्काल फोन कर मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।चोरी की खबर मिलते ही परिवार के लोग आनन-फानन में घर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं। बेटी की शादी के लिए लंबे समय से जुटाए जा रहे गहनों की चोरी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।घटना की सूचना तत्काल अमेठी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ गौरीगंज, डॉग स्क्वायड और एसओजी टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की टीमें साक्ष्य जुटाने के साथ चोरों का सुराग लगाने में जुटी हैं। बीएसएफ जवान के घर हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रमुख सवाल- बीएसएफ जवान के घर से लाइसेंसी रिवॉल्वर और शादी के गहने चोरी होने की वारदात को अंजाम देने वाले चोर आखिर कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे?
