जिगना/मिर्जापुर। सनातन धर्म एवं ब्राह्मण समाज को लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव शंकर यादव के कथित अभद्र बयान से ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश है। शनिवार को अकोढ़ी गाँव में परशुराम सेना के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गाँव के मुख्य द्वार पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भगवान परशुराम का चित्र हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं ने शिव शंकर यादव का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शिकायत करते हुए मांग की कि सनातन धर्म पर अनर्गल टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को तत्काल पार्टी से बाहर किया जाए। कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से समाज में नाराजगी बढ़ रही है, यदि कार्रवाई नहीं हुई तो इसका खामियाजा आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
उधर अखिल भारतीय ब्राह्मण कल्याण संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री पं.सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने भी कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने 24 घंटे के अंदर माफी न मांगने पर 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे शहर कोतवाली मिर्जापुर में मुकदमा को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शन में संतोष तिवारी, जय प्रकाश मिश्र, सर्वजीत शुक्ला, मुकेश शुक्ला, दिलीप शुक्ला, धीरज दुबे, सर्वेश दुबे, राजू तिवारी, विजय मिश्रा, अम्बुज तिवारी, अमन शुक्ला आदि मौजूद रहे।
