बल्दीराय/सुलतानपुर। बल्दीराय विकासखंड की आलियाबाद ग्रामसभा में किसानों की सिंचाई के लिए स्थापित राजकीय नलकूप विभागीय उदासीनता का शिकार है। गेहूं की बोआई का समय नजदीक है, लेकिन नलकूप बंद पड़ा होने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। हैरानी की बात यह है कि समस्या को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूटी।
ग्रामीणों के अनुसार, राजकीय नलकूप स्थापना के कुछ दिनों तक ही ठीक से संचालित हुआ। इसके बाद से इसकी हालत लगातार खराब होती चली गई। कभी-कभार चालू करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं निकलने से किसानों को कोई राहत नहीं मिलती।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि नलकूप से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बनाए गए छह कुलाबे भी सूखे पड़े हैं। ऐसे में सरकारी व्यवस्था से सिंचाई की उम्मीद लगाए बैठे किसानों को निजी संसाधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
किसान इनामउल्ला, मैनूद्दीन, ग्राम प्रधान अमीर अली, मन्नू, राजकरन, कन्ने राम और गोपाल सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि नलकूप की समस्या कई बार उठाई जा चुकी है। उम्मीद थी कि समाचार प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर साल मरम्मत के नाम पर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद नलकूप की स्थिति जस की तस बनी हुई है। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से नलकूप की तकनीकी जांच कराकर तत्काल मरम्मत कराने और सभी छह कुलाबों में पानी की आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो गेहूं की बोआई और फसल की सिंचाई प्रभावित होना तय है।
