प्रतापगढ़। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जनपद में शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी विभागों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद के विभिन्न विभागों एवं संगठनों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए विभिन्न शासकीय विभागों के साथ-साथ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, निजी औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), अधिवक्ता संगठनों, नागरिक सुरक्षा संगठनों, श्रमिक संगठनों, व्यापार संगठनों, चिकित्सक संघों, मेडिकल एसोसिएशन, ग्राम प्रधानों, समाजसेवियों एवं प्रतिष्ठित नागरिकों का सहयोग प्राप्त किया जाएगा। जनपद में स्थित सार्वजनिक एवं निजी औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत सभी पात्र कार्मिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र कर्मचारियों का पंजीकरण कराया जाएगा।
इसी प्रकार रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवासीय सोसायटियों, बहुमंजिली अपार्टमेंट परिसरों एवं कॉलोनियों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र निवासियों, नए आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई जाएंगी। जिला बार एसोसिएशन, तहसील बार एसोसिएशन एवं अन्य अधिवक्ता संगठनों के सहयोग से न्यायालय परिसरों तथा अधिवक्ता संघ भवनों में भी मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं नागरिक सुरक्षा संगठनों के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों, घनी आबादी वाले मोहल्लों एवं मलिन बस्तियों में छूटे हुए पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की कार्यवाही की जाएगी।
श्रमिक संगठनों एवं श्रमिक संघों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर औद्योगिक क्षेत्रों, कारखानों एवं निर्माण स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, संविदा कर्मचारियों तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त व्यापार संगठनों के साथ बैठक कर मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान में उनका सहयोग लिया जाएगा। चिकित्सक संघ एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय शाखाओं, निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से भी विशेष शिविर आयोजित कर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व एवं वर्तमान ग्राम प्रधानों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उनका मतदाता सूची में पंजीकरण कराया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों के पूर्व एवं वर्तमान सभासदों के माध्यम से संबंधित वार्डों में विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। समाजसेवियों एवं प्रतिष्ठित नागरिकों का सहयोग लेकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित विभागों एवं संगठनों से अपेक्षा की गई है कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं, जिससे जनपद की मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शत-प्रतिशत सम्मिलित कराया जा सके। उद्देश्य है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
