• अध्यक्ष पद पर 60 मतों से मिली जीत,
• अनिल कुमार श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष
• हरकेश कुमार संयुक्त मंत्री निर्वाचित
सनेश ठाकुर
मुरादाबाद (विधान केसरी)। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रीयल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ की जनपद शाखा मुरादाबाद का वार्षिक चुनाव रविवार को कलक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। कर्मचारी मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को 60 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। वहीं मंत्री पद पर उदयराज निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी गोपी किशन की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मतदान से लेकर मतगणना तक सभी व्यवस्थाएं शांतिपूर्ण रहीं। चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों और कर्मचारियों में उत्साह दिखाई दिया।
अध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह को मिले 68 मत मंत्री पद पर उदयराज ने मारी बाजी
अध्यक्ष पद के लिए अभिषेक सिंह और संजीव कुमार सक्सेना के बीच मुकाबला हुआ। इस पद के लिए कुल 76 मत पड़े। मतगणना में अभिषेक सिंह को 68 मत प्राप्त हुए, जबकि संजीव कुमार सक्सेना को आठ मतों से संतोष करना पड़ा। इस प्रकार अभिषेक सिंह ने 60 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उनकी जीत को कर्मचारियों के बीच मिले व्यापक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
मंत्री पद के लिए उदयराज और नावेद सिद्दीकी के बीच मुकाबला हुआ। इस पद के लिए भी कुल 76 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में उदयराज को 44 मत मिले, जबकि नावेद सिद्दीकी को 32 मत प्राप्त हुए। इस तरह उदयराज ने 12 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर मंत्री पद हासिल किया।
कोषाध्यक्ष और संयुक्त मंत्री पद के परिणाम भी घोषित
कोषाध्यक्ष पद के लिए अनीता रानी और अनिल कुमार श्रीवास्तव चुनाव मैदान में थे। इस पद के लिए कुल 74 मत पड़े। इनमें अनिल कुमार श्रीवास्तव को 67 मत प्राप्त हुए, जबकि अनीता रानी को सात मत मिले। इस तरह अनिल कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट बहुमत के साथ कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं संयुक्त मंत्री पद के लिए असलम और हरकेश कुमार के बीच मुकाबला हुआ। कुल 75 मतों में हरकेश कुमार को 60 और असलम को 15 मत प्राप्त हुए। हरकेश कुमार ने 45 मतों के अंतर से जीत हासिल कर संयुक्त मंत्री पद पर अपना स्थान पक्का किया।
पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
चुनाव में कुछ पदों पर प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर श्रवण कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रोहित कुमार, संगठन मंत्री पद पर ऐजाज अहमद, ऑडिटर पद पर सोनू सिंह तथा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा मंत्री पद पर शिवानी को निर्विरोध चुना गया।
कर्मचारियों ने दी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और परिणाम घोषित होने के बाद कलक्ट्रेट कर्मचारियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं, हितों और अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाएगी। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर चुनाव अधिकारी की भूमिका की भी सराहना की गई।
