Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ठंड के मौसम में क्यों हाई हो जाता है ब्लड प्रेशर? जानिए इसके पीछे का कारण


सर्दियों का मौसम आते ही खान-पान और सेहत से जुड़े कई बदलाव देखने को मिलते हैं। इनमें से एक सबसे महत्वपूर्ण बदलाव है ब्लड प्रेशर का बढ़ना। सर्दियों के मौसम में कई लोगों का ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है। लेकिन क्या आपने कभी ये सोचा है कि ऐसा क्यों होता है। डॉ. अनुराग अग्रवाल, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, फोर्टिस फरीदाबाद बता रहे हैं कि सर्दियों में क्यों ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है।

इसका मुख्य कारण ठंड के कारण शरीर में होने वाले बदलाव हैं। जब तापमान कम होता है, तो शरीर खुद को गर्म रखने के लिए ब्लड वेसल्स को सिकोड़ लेता है। इस प्रक्रिया को वासोकंस्ट्रिक्शन कहते हैं। ब्लड वेसल्स के सिकुड़ने से उनमें खून का प्रवाह सीमित हो जाता है और ब्लड को शरीर में पहुंचाने के लिए दिल को अधिक दबाव लगाना पड़ता है। इसी वजह से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। ठंड के मौसम में शारीरिक गतिविधियां भी कम हो जाती हैं। लोग अक्सर बाहर टहलने या एक्सरसाइज करने से बचते हैं, जिससे वजन बढ़ने और ब्लड प्रेशर नियंत्रित न रहने का खतरा हो सकता है। इसके अलावा, सर्दियों में लोग कई बार नमक और कैलोरी से भरपूर खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करते हैं। अधिक नमक खाने से शरीर में पानी जमा हो सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने की आशंका रहती है।

शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव भी एक अन्य महत्वपूर्ण कारण है। ठंड के संपर्क में आने पर शरीर में कुछ ऐसे हार्मोन और रसायनों का स्तर बढ़ सकता है, जो ब्लड वेसल्स को संकुचित करने और ब्लड प्रेशर बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं। जिन लोगों को पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या हृदय संबंधी समस्याएं हैं,उन्हें सर्दियों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे लोगों को नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करना चाहिए और डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाएं समय पर लेनी चाहिए। ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें, नियमित रूप से हल्की एक्सरसाइज करें और खान-पान में नमक की मात्रा सीमित रखें। ध्यान रखें कि ब्लड प्रेशर बढ़ने पर हमेशा कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। इसलिए सर्दियों में भी नियमित जांच जरूरी है। अगर ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा हुआ आ रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लें और खुद से दवाओं की खुराक में बदलाव न करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |