पीलीभीतः सड़क हादसों में मौतों का आंकड़ा कम करने को पुलिस ने बनाई रणनीति! जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट टीम की बैठक में ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर हुई चर्चा
November 18, 2026
पीलीभीत। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और हादसों में होने वाली मौतों की संख्या कम करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस सभागार में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट टीम की बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की।बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षकध्क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी यातायात, एआरटीओ पीलीभीत सहित जनपद के विभिन्न थानों पर गठित जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट टीम के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के संभावित कारणों, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन, लापरवाही से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और टीम के सदस्यों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस एवं परिवहन विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, जिससे हादसों की आशंका को कम किया जा सके। साथ ही यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता और विभागीय समन्वय भी बेहद जरूरी है। सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
