अपात्रों को लाभ पहुंचाने और पात्र गरीबों को सूची से बाहर रखने की शिकायतें, संगठनों ने निष्पक्ष जांच की तैयारी की
बीसलपुर। विकासखंड बिलसंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की आवास प्लस सूची में कथित हेराफेरी का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। लाभार्थियों के चयन में अनियमितताओं के आरोपों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायतों के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की चर्चा है, वहीं कुछ ग्राम पंचायत सचिवों पर कार्रवाई होने से ब्लॉक में हलचल तेज हो गई है।
आरोप है कि आवास प्लस सूची तैयार करने के दौरान निर्धारित मानकों को दरकिनार कर दिया गया। कई पात्र गरीब परिवारों के नाम सूची से बाहर रह गए, जबकि अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए सूची में शामिल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इस पूरे प्रकरण में सूची तैयार करने से लेकर पात्रता सत्यापन और लाभार्थियों के चयन तक की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। मामले को लेकर विभिन्न सामाजिक और किसान संगठनों ने भी मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। संगठन उच्चाधिकारियों से शिकायत कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेंगे। अब सवाल यह है कि क्या कार्रवाई केवल कुछ सचिवों तक सीमित रहेगी या आवास प्लस सूची तैयार करने से लेकर सत्यापन और स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया की जांच होगी? क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी से बिलसंडा ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों की आवास प्लस सूची का निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की है, जिससे वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके और कथित गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो सके।
