Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्मचारी घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, देवहा नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी


  • चक्रतीर्थ कल्याणपुर में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, डीएम-एसपी ने मंदिर
  • सरोवर और मेले का किया निरीक्षणय सुरक्षा व्यवस्था परखी



पीलीभीत। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को जिलेभर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर से सटे ब्रह्मचारी घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने देवहा नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। भोर से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला दोपहर तक लगातार जारी रहा। घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान और दान का विशेष महत्व है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने देवहा नदी में स्नान करने के बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। स्नान के उपरांत जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री दान कर पुण्य कमाया। घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला बना रहा।

कार्तिक पूर्णिमा एवं गंगा स्नान के अवसर पर थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम चक्रतीर्थ कल्याणपुर स्थित शिव मंदिर, सरोवर और मेले में भी श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची। धार्मिक स्थल पर स्नान, दर्शन और पूजन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। मेले में भी दिनभर चहल-पहल का माहौल रहा।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने चक्रतीर्थ कल्याणपुर पहुंचकर शिव मंदिर, मंदिर परिसर, सरोवर और मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान, सुगम आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को भी परखा गया।

डीएम और एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए और पूरे समय मुस्तैदी के साथ ड्यूटी की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच प्रशासन और पुलिस की सक्रियता भी देखने को मिली।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |