लखनऊः नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने किया छठ घाटों का निरीक्षण ! झूलेलाल घाट पर अतिरिक्त लाइटिंग लगाने के निर्देश, मेहंदी घाट पर सफाई मित्रों का बढ़ाया उत्साह
November 14, 2026
लखनऊ। छठ महापर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार शाम को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महापौर एवं नगर आयुक्त के साथ झूलेलाल घाट और मेहंदी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों घाटों पर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।झूलेलाल घाट के निरीक्षण के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए। साथ ही घाट की सीढ़ियों, संपर्क मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश भी दिए।इसके बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने महापौर सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ मेहंदी घाट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री जी ने सफाई मित्रों एवं नगर निगम के कर्मचारियों से संवाद किया और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों के परिश्रम से ही घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है। छठ महापर्व की तैयारियों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
