कुंडा/प्रतापगढ़। नगर पंचायत हीरागंज में बीते तीन वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों को लेकर अध्यक्ष प्रतिनिधि उदय शंकर पांडेय ने अपनी उपलब्धियां गिनाईं। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने के साथ कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उनका कहना है कि हीरागंज के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है।
बाबागंज ब्लाक की इकलौती नगर पंचायत हीरागंज के गठन के बाद पहली बार हुए चुनाव में जनता ने भाजपा प्रत्याशी को उदय शंकर पांडेय के चेहरे को देखते हुए उनके ही नेतृत्व में सुरेखा देवी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद अध्यक्ष प्रतिनिधि उदय शंकर पांडेय ने नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की पहल शुरू की। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में विरोधियों की शिकायतों और तमाम अड़चनों का सामना करना पड़ा, लेकिन इससे विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित नहीं होने दी। शासन से धनराशि स्वीकृत कराकर लगातार निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रतिभाओं को खेल का बेहतर मंच देने के लिए बदली का पुरवा के पास करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका कार्य जल्द शुरू होगा। वहीं बलीपुर में खेल मैदान का निर्माण भी कराया जा रहा है। नगर की रोशनी के लिए विक्टोरिया ऑक्टागोनल लाइट और स्ट्रीट लाइट लगवाई गई हैं। दस वार्डों में हाईमास्ट लाइट लगाई जा चुकी हैं, जबकि पांच अन्य वार्डों में हाईमास्ट लगाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। आवारा पशुओं के लिए गौशाला, लक्ष्मीगंज के पास पार्क और रामराय पुरवा में बारातघर का निर्माण कराया जा रहा है। सिंचाई और पेयजल की सुविधा के लिए चार बोरिंग भी कराई जा चुकी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में गोंगहर में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया है। चार प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प पूरा हो चुका है, जबकि तीन अन्य विद्यालयों में काम चल रहा है। नौ विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित कराई जा रही हैं। इसके साथ ही बीआरसी केंद्र बहोरिकपुर के पास अभ्युदय विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 35 किलोमीटर पक्के रास्तों का निर्माण कराया गया है। एक तालाब का सौंदर्यीकरण पूरा हो चुका है, जबकि तीन अन्य तालाबों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अंत्येष्टि स्थल का निर्माण भी कराया जा रहा है।
हीरागंज बाजार में बाबागंज मार्ग पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसे एक माह के भीतर शुरू कराने की तैयारी है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे बाजार को डिजिटल सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा चुका है। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बदली का पुरवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं वैश्विक मार्केट के निर्माण के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
उदय शंकर पांडेय ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उनका कहना है कि वह पद को अधिकार नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम मानते हैं। विरोध और शिकायतों के बावजूद विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया गया है और आगे भी शासन से धनराशि लाकर हीरागंज को विकास के मामले में एक आदर्श नगर पंचायत बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
