प्रतापगढ़ । पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन शिकायत दर्ज कराने के बाद उनके पास इस बात का कोई पुख्ता प्रमाण नहीं रहता कि उन्होंने एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था। जनता दर्शन में रखे रजिस्टर में फरियादी का नाम और क्रमांक तो दर्ज किया जाता है, लेकिन शिकायत की कोई रिसीविंग नहीं दी जाती। ऐसे में शिकायतकर्ता के पास न तो अपनी शिकायत का कोई अभिलेख रहता है और न ही यह जानकारी कि उसकी फरियाद किस अधिकारी ने सुनी और उस पर क्या कार्रवाई के निर्देश दिए। व्यवस्था की इस कार्यप्रणाली ने एसपी कार्यालय के जनता दर्शन की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोप है कि जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देने वाले फरियादियों को न तो कोई ऑनलाइन शिकायत संख्या उपलब्ध कराई जाती है और न ही शिकायत दर्ज होने की पावती। रजिस्टर में नाम और क्रमांक दर्ज होने के बाद फरियादी को वापस भेज दिया जाता है। इसके बाद अपनी शिकायत का हाल जानने के लिए उसे फिर पुलिस कार्यालय और संबंधित थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं। एसपी ने प्रार्थना पत्र पर क्या आदेश दिया, जांच किस अधिकारी को सौंपी गई, संबंधित अधिकारी ने क्या आख्या लगाई और शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी हासिल करना फरियादियों के लिए मुश्किल हो जाता है।
सवाल यह है कि जब शिकायतकर्ता के पास अपनी शिकायत दर्ज कराने का कोई प्रमाण ही नहीं होगा तो वह आगे कार्रवाई के लिए किस आधार पर जवाबदेही तय कराएगा? रजिस्टर में क्रमांक दर्ज करने की व्यवस्था है तो उसकी पावती फरियादी को क्यों नहीं दी जाती? शिकायत सुनने वाले अधिकारी का नाम और शिकायत पर पारित आदेश की जानकारी भी शिकायतकर्ता से साझा क्यों नहीं की जाती? आखिर शिकायतों का रिकॉर्ड केवल कार्यालय के रजिस्टर तक सीमित रखने के पीछे क्या वजह है?
जनता दर्शन का मकसद केवल फरियादियों के प्रार्थना पत्र जमा करना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई कराना और निस्तारण की जवाबदेही तय करना भी है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक से अपेक्षा है कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की क्रमांक सहित रिसीविंग फरियादी को दी जाए। साथ ही शिकायत का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर उस पर पारित आदेश, जांच के लिए नामित अधिकारी और निस्तारण आख्या की जानकारी भी शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे अपनी ही शिकायत का हिसाब जानने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दर्शन में फरियादी अपनी शिकायत का न्याय मांगने पहुंचता है, लेकिन जब उसके पास शिकायत दर्ज कराने का ही कोई प्रमाण नहीं रहता तो व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल उठना लाजिमी है। आखिर जनता दर्शन में फरियादियों की सुनवाई हो रही है या सिर्फ रजिस्टर में नाम और क्रमांक दर्ज कर जिम्मेदारी पूरी की जा रही है?
