लखनऊः छठ पूजा के पावन पर्व को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के सभी छठ घाटों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई
November 12, 2026
लखनऊ। छठ पूजा के पावन पर्व को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के सभी छठ घाटों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम के सभी आठों जोन में स्थित प्रमुख एवं छोटे घाटों पर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।नगर निगम द्वारा शहर में 47 प्रमुख घाटों और 63 छोटे घाटों पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। सभी प्रमुख घाटों पर रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, झालर सजावट और डस्टबिन की व्यवस्था की गई है। वहीं, 63 छोटे घाटों पर भी नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, झालर सजावट तथा रंगाई-पुताई का कार्य कराया गया है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही सभी घाटों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किया गया है, ताकि पूजा सामग्री को नदियों एवं जलाशयों में प्रवाहित करने के स्थान पर निर्धारित कलश में एकत्र किया जा सके। इससे जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।छठ पूजा को जीरो वेस्ट पर्व के रूप में मनाने के उद्देश्य से सभी घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती भी की गई है। सफाई मित्र पर्व के दौरान घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही पूजा स्थलों पर एकत्र होने वाले कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।नगर निगम द्वारा सभी घाटों की विशेष सफाई कराई गई है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।नगर निगम का प्रयास है कि छठ पूजा के दौरान सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो तथा पर्व को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जीरो वेस्ट तरीके से मनाया जाए।
