गौरीगंजः यातायात माह का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
November 02, 2026
गौरीगंज/अमेठी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को अमेठी पुलिस ने यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने पुलिस कार्यालय गौरीगंज से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों के साथ यातायात पुलिस और थाना गौरीगंज के पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यातायात जागरूकता रैली में एमजेएस मेमोरियल इंटर कॉलेज गौरीगंज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली पुलिस कार्यालय से शुरू होकर सब्जी मंडी तिराहा और मुसाफिरखाना तिराहा होते हुए मुसाफिरखाना रोड स्थित एमजेएस मेमोरियल इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं और पुलिसकर्मियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर और स्लोगन लेकर लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें। इसके साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने, ओवरलोडिंग से बचने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात माह के दौरान जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात दिनेश कुमार मिश्र, प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक शोभनाथ राम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।
