संग्रामपुर/अमेठी। दीपावली पर्व के मद्देनजर भाजपा मंडल संग्रामपुर की ब्लॉक स्तरीय कार्यकारिणी बैठक पंचायत भवन भवसिंहपुर में मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। विशेष रूप से मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के तहत बूथ स्तर पर संगठन को और सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान पूर्व सांसद स्मृति ईरानी की ओर से दीपावली के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए मिठाई और उपहार भेजे गए। मंडल अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक के कार्यकर्ताओं को लड्डू से भरा स्टील टिफिन बॉक्स भेंट किया गया। इस पहल से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में संग्रामपुर मंडल क्षेत्र के लगभग 100 बूथ अध्यक्षों, 18 शक्ति केंद्र प्रभारियों सहित करीब 150 भाजपा कार्यकर्ताओं को दीपावली उपहार वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने की दिशा में सभी को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैठक में विस्तारक धर्मानंद पाण्डेय, मंडल संग्रामपुर प्रभारी संतोष द्विवेदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रकेश यादव सहित मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-
पूर्व सांसद स्मृति ईरानी की ओर से 150 कार्यकर्ताओं को दीपावली उपहार देकर किया गया सम्मानित
