- ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
- मेडिकल कॉलेज और खमीर प्लांट को बताया विकास की बड़ी उपलब्धि
पीलीभीत। ललौरीखेड़ा विकासखंड क्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पीलीभीत में बीते वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों के सामने रखी। राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद पीलीभीत में विकास की दिशा में कई बड़े काम हुए हैं। मेडिकल कॉलेज की स्थापना और अमरिया क्षेत्र में खमीर प्लांट की स्थापना जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई पहचान देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल जिले की पहचान मजबूत होगी, बल्कि रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
संजय सिंह गंगवार ने क्षेत्र में कराए गए सड़क निर्माण, पुल और पुलियों सहित अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम कराया गया है। उन्होंने विकास कार्यों का श्रेय क्षेत्र की जनता को देते हुए कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी ताकत है। जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसी के अनुरूप क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और स्थानीय जरूरतें राज्यमंत्री के सामने रखीं। उन्होंने लोगों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।
राज्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास और समृद्धि के लिए एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए जनता का सहयोग जरूरी है। ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, गन्ना समिति अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और बड़ी संख्या में ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रमों में शामिल हुए। ग्राम कनकोर, प्यास, मीरपुर ढकिया नाथ सहित कई गांवों में इन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
