सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की 74वीं वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में लखनऊ जोन की पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में सुलतानपुर के दो पुलिसकर्मियों ने पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। आरक्षी अभिषेक चैधरी ने रजत पदक, जबकि महिला आरक्षी संजू ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
35वीं वाहिनी पीएसी, महानगर लखनऊ में 27 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जोन की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन के दम पर उपविजेता का खिताब हासिल किया।
इस उपलब्धि पर सोमवार को पुलिस कार्यालय सुलतानपुर में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने लखनऊ जोन की टीम और पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर पुलिस विभाग और जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में मिली इस सफलता से सुलतानपुर पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है।
