Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

भारत में तेजी से बढ़ रहा डायबिटीज का खतरा, डॉक्टर बोले - लक्षण से पहले उठाएं ये जरूरी कदम


भारत में डायबिटीज का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि इस बीमारी से बचाव और इसके खतरे को कम करने का सबसे प्रभावी तरीका है समय रहते इसकी पहचान करना। इसके लिए लक्षणों का इंतजार करने के बजाय नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराना और कमर के आकार पर नजर रखना जरूरी है।

टाइप-2 डायबिटीज लंबे समय तक बिना किसी लक्षण के शरीर में मौजूद रह सकती है। कई बार व्यक्ति को अपनी बीमारी का पता तब चलता है, जब ब्लड शुगर का स्तर काफी बढ़ चुका होता है। इस दौरान हाई ब्लड शुगर धीरे-धीरे ब्लड वेसल्स, नसों, किडनी और आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है।

आकाश हेल्थकेयर के डॉ. विक्रमजीत सिंह के मुताबिक, डायबिटीज की पहचान के लिए लक्षणों का इंतजार नहीं करना चाहिए। जब तक किसी को प्यास ज्यादा लगने या थकान की शिकायत होती है, तब तक नुकसान शुरू हो चुका होता है। 30 से ऊपर हर व्यक्ति को, या उससे कम उम्र में भी अगर फैमिली हिस्ट्री है, कमर ज्यादा है या डेस्क जॉब है, तो हर साल फास्टिंग शुगर और HbA1c जांच करानी चाहिए।

वीएनए हॉस्पिटल में यूरोलॉजी हेड डॉ. विनीत कहते हैं, "लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ी रहने से शरीर की नसों और ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचता है. इससे इरेक्टाइल डिसफंक्शन और टेस्टोस्टेरोन के स्तर में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। डॉक्टर बताते हैं कि कई पुरुष इस तरह की परेशानियों पर खुलकर बात करने से बचते हैं। नतीजतन, जांच और इलाज में देरी हो जाती है।

नर्चर आईवीएफ की डॉ. अर्चना बजाज के मुताबिक, बच्चा न होने से जूझ रहे कई कपल्स में अंदर से शुगर की दिक्कत निकलती है। महिलाओं में अनियंत्रित ब्लड शुगर ओव्यूलेशन को प्रभावित कर सकती है। इसके अलावा गर्भपात और गर्भावस्था के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज का खतरा भी बढ़ सकता है। डॉ. अर्चना के मुताबिक, कम उम्र की महिलाओं में भी PCOS के मामले देखने को मिल रहे हैं। इससे भविष्य में टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।

डॉक्टरों के मुताबिक, डायबिटीज से लड़ने के लिए सिर्फ दवाओं पर निर्भर रहना काफी नहीं है। इसके लिए रोजमर्रा की आदतों में सुधार करना भी जरूरी है। अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड का ज्यादा सेवन, लंबे समय तक बैठे रहना, स्क्रीन पर अधिक समय बिताना और शारीरिक गतिविधियों की कमी डायबिटीज के खतरे को बढ़ा सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |