Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गौरीगंजः सैनिक स्कूल में हुई हिंसक झड़प! वाइस प्रिंसिपल पर क्वार्टर मास्टर ने किया हमला


गौरीगंज/अमेठी। जिले के गौरीगंज क्षेत्र के कौहार स्थित प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल में मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल परिसर में तैनात क्वार्टर मास्टर पुनीत सेन ने वाइस प्रिंसिपल लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पाटनी के साथ मारपीट की। घटना में वाइस प्रिंसिपल घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के परिसर में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को किसी बात को लेकर क्वार्टर मास्टर पुनीत सेन और वाइस प्रिंसिपल भरत पाटनी के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पुनीत सेन ने पाटनी के साथ मारपीट की, जिससे उनके हाथ और कान के पास चोटें आईं। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी टूट गया। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। गौरीगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पुनीत सेन को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि घटना में दोनों पक्षों को चोटें आई हैं। वाइस प्रिंसिपल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि जुलाई 2026 में भी इसी क्वार्टर मास्टर पुनीत सेन पर स्कूल के कर्मचारी गजेंद्र सिंह ने मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया था। गजेंद्र सिंह ने लिखित शिकायत में ड्यूटी को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट की बात कही थी। उनका दावा है कि शिकायत और मेडिकल परीक्षण के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं हुई। उन्होंने क्वार्टर मास्टर के पास लाइसेंसी हथियार होने का हवाला देते हुए कर्मचारियों, उनके परिवारों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। लगातार सामने आ रहे इन आरोपों ने सैनिक स्कूल की आंतरिक व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |