रुद्रपुर। लोक आस्था, सूर्य उपासना और आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने धोबीघाट स्थित विधायक निधि से नवनिर्मित भव्य छठ घाट का विधिवत फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर लोकार्पण किया और इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इस दौरान पूर्वांचल समाज के लोगों एवं छठ पूजा कमेटी में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने विधायक शिव अरोरा को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
विधायक शिव अरोरा ने लगभग 15 लाख रुपये की लागत से धोबीघाट में नए छठ घाट का निर्माण करवाया है। इसके साथ ही घाट का व्यापक सौंदर्यकरण, छठ व्रती माताओं-बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ पानी की उपलब्धता के लिए बोरिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी कराई गई हैं। पूरे घाट को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उल्लेखनीय है कि धोबीघाट रुद्रपुर विधानसभा का सबसे प्राचीन एवं सबसे बड़ा छठ घाट है, जहां प्रत्येक वर्ष हजारों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग छठी मईया की आराधना करने और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट का निर्माण एवं सौंदर्यकरण श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
इस अवसर पर पूरी छठ पूजा कमेटी ने मंच पर विधायक शिव अरोरा को सम्मानित कर उनके द्वारा कराए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में दर्जा मंत्री सुरेश कोली, अधिवक्ता दिवाकर पाण्डेय एवं के.के. त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनके लिए यह अत्यंत संतोष और सौभाग्य का विषय है कि उन्हें छठी मईया की पूजा के लिए इस ऐतिहासिक घाट के निर्माण एवं सौंदर्यकरण का अवसर मिला। धोबीघाट का यह छठ घाट हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। छठ महापर्व हमें श्रद्धा, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि छठी मईया की कृपा सभी पर बनी रहे और रुद्रपुर विधानसभा में इसी प्रकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का अवसर मिलता रहे, यही उनकी कामना है।
कार्यक्रम में पूर्वांचल समाज समिति (रजि.) के अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र गुप्ता, पार्षद विष्णु, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव एडवोकेट दिवेश गुप्ता, संयुक्त सचिव नन्द लालू शर्मा, कोषाध्यक्ष कान्त शर्मा एवं मीडिया प्रभारी दुर्गेश मौर्य सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त संरक्षक मंडल से फुदना साहनी, राकेश सिंह, विजय बाजपेयी, राधेश्याम, सुनील गुप्ता, रणवीर कुमार, गणेश मिश्रा एवं लालू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्मित छठ घाट को समाज के लिए ऐतिहासिक सौगात बताते हुए विधायक शिव अरोरा का आभार व्यक्त किया।
