Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘‘दिशा’’ की बैठक सम्पन्न! जनप्रतिनिधियों की शिकायतों एवं प्रस्तावों को गम्भीरता से लेकर निस्तारण करायें-सांसद


प्रतापगढ़। विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार को सांसद प्रतापगढ़ डा0 शिवपाल सिंह पटेल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की मरम्मत, पेयजल संकट, नहरों की सफाई, शिक्षा, डिजिटल लाइब्रेरी एवं विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा कार्यों में लापरवाही न बरतने के  निर्देश दिए।

बैठक में विधायक रानीगंज डा0 आर0के0 वर्मा, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, विधायक पट्टी राम सिंह पटेल, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह, एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह ‘लाल साहब’, विधायक रामपुरखास के प्रतिनिधि भगौती प्रसाद, शिक्षक विधायक के प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह, विधायक सदर के प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य, एमएलसी डा0 महेन्द्र सिंह के प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला विकास अधिकारी आलोक आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पिछली दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं दिए गए सुझावों पर की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी एवं ग्रामीण), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, सर्व शिक्षा अभियान, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जल निकायों के पुनरुद्धार, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, विशिष्ट दिव्यांगता आईडी एवं प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा के दौरान विधायक विश्वनाथगंज द्वारा पूर्व बैठक में उठाए गए प्रकरण पर बताया गया कि त्वरित आर्थिक विकास योजनान्तर्गत 530 मीटर लंबाई में निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क को निर्माण के एक वर्ष बाद ही लोक निर्माण विभाग द्वारा बिना एनओसी प्राप्त किए उखाड़कर लेपन कार्य करा दिया गया था। इस मामले में तत्कालीन अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 द्वारा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही अन्य जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों की मरम्मत समय से न होने की शिकायत की। विधायक पट्टी ने अमरगढ़-राजा बाजार तथा सैफाबाद से वारीकला संपर्क मार्ग की मरम्मत का कार्य अब तक शुरू न होने का मुद्दा उठाया। इस पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारी ने शीघ्र कार्य कराने का आश्वासन दिया। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम ने बताया कि जनपद में कुल 822 परियोजनाओं की समय-सीमा भारत सरकार द्वारा बढ़ाई गई है। इनमें 46 परियोजनाओं को अक्टूबर 2026, 150 को जनवरी 2027, 194 को मार्च 2027, 212 को दिसम्बर 2027, 171 को मार्च 2028 तथा 49 परियोजनाओं को जून 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 461 राजस्व ग्रामों में 244 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस पर जनप्रतिनिधियों ने पूर्ण कराई गई परियोजनाओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद की 38 ग्रामसभाओं में खारे पानी के कारण ग्रामीणों को पेयजल एवं खाना बनाने के लिए पानी की समस्या होने की जानकारी दी गई। इस पर सांसद ने स्थायी समाधान होने तक संबंधित ग्रामसभाओं में टैंकर के माध्यम से पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

डिजिटल लाइब्रेरी की प्रगति की जानकारी देते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में जनपद के सभी विकास खंडों की 319 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में फर्नीचर एवं पुस्तकों की आपूर्ति शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है। विधायक रानीगंज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि ग्राम पंचायतों के छात्र-छात्राओं को डिजिटल लाइब्रेरी का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि डिजिटल लाइब्रेरी में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएं, जिससे वहां की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।

विधायक विश्वनाथगंज ने नहरों की सफाई न होने तथा मानक के अनुरूप पानी न मिलने से टेल तक पानी नहीं पहुंचने की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि अवशेष नहरों की सफाई शीघ्र कराकर टेल तक पानी पहुंचाया जाएगा। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2026-27 में कुल 1384 बच्चों का नवीन नामांकन कराया गया है। इस पर जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि ग्राम पंचायत स्तर पर वाल पेंटिंग के माध्यम से आरटीई योजना का प्रचार-प्रसार कराया जाए। इसमें संबंधित विद्यालयों में उपलब्ध सीटों की संख्या भी अंकित कराई जाए, ताकि अभिभावकों को जानकारी मिल सके और वे अपने बच्चों का ऑनलाइन आवेदन करा सकें।

स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा के दौरान विधायक रानीगंज ने कूड़ा संग्रहण वाहनों में जीपीएस एवं डिवाइस की स्थापना तथा उनकी निगरानी की व्यवस्था के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर नगर पालिका के प्रतिनिधि ने बताया कि जनपद की एक नगर पालिका परिषद एवं 18 नगर पंचायतों में कूड़ा संग्रहण एवं परिवहन में प्रयुक्त सभी वाहनों पर जीपीएस उपकरणों की स्थापना पूर्ण कर ली गई है। इन वाहनों की निगरानी के लिए नगर पालिका परिषद में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

बैठक में सांसद द्वारा नगर पालिका परिषद बेल्हा में सभासद द्वारा कराये गये कार्यो का शिलान्यास बोर्ड न लगाये जाने के सम्बन्ध में सम्बन्धित को निर्देशित किया गया कि शिलान्यास बोर्ड में सभासदों का नाम अंकित कराया जाये। भंगवा चुंगी ओवर ब्रिज के कार्य की प्रगति की धीमी होने पर जानकारी ली तो अवगत कराया गया कि जल्द ही कार्य प्रगति पर लाया जायेगा। सांसद ने विशिष्ट दिव्यांगजन शिविरों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को समय से उपलब्ध न कराए जाने पर भी नाराजगी जताई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को जनप्रतिनिधियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसमें विभागीय शिविरों एवं अन्य कार्यक्रमों की सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को भी अपने-अपने विभागों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह, एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह ‘लाल साहब’, विधायक रामपुरखास के प्रतिनिधि भगौती प्रसाद, शिक्षक विधायक के प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह, विधायक सदर के प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य तथा एमएलसी डा0 महेन्द्र सिंह के प्रतिनिधि दिनेश शर्मा ने भी विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव प्रस्तुत किए।बैठक के अंत में सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष डा0 शिवपाल सिंह पटेल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं प्रस्तावों को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध निस्तारण कराते हुए संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी कार्रवाई से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। जिन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया जाए, उनमें संबंधित जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने सांसद एवं समिति अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शिकायतों एवं दिए गए दिशा-निर्देशों का संबंधित अधिकारियों से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। अंत में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |