पड़री/मिर्जापुर। त्योहार बीत गया, लेकिन अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पडरी थाना क्षेत्र के पैड़ापुर चैकी क्षेत्र में दिन-रात जुआ, अवैध खनन और मादक पदार्थों की बिक्री जोरों पर होने का मामला सामने आया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रोजगार करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सूत्रों के अनुसार अवैध खनन माफिया और अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त लोग बेखौफ होकर काम कर रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय ट्रैक्टरों से अवैध बालू-मिट्टी का खनन किया जाता है, वहीं कुछ स्थानों पर खुलेआम जुआ और नशे से जुड़े पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। लोगों ने पैड़ापुर चैकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
