डाइट से खत्म हो सकती है डायबिटीज, दवा से कहीं ज्यादा असरदार
November 17, 2026
डायबिटीज को सिर्फ डाइट से भी कंट्रोल किया जा सकता है। ऐसा हम नहीं बल्कि जाने माने डॉक्टर अनूप मिश्रा ने अपनी किताब में लिखा है। उनकी किताब 'बेस्ट प्रैक्टिस एंड रिसर्च: क्लिनिकल एंडोक्राइनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म' क्लिनिकल एंडोक्राइनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म में लिखा है कि डायबिटीज को डाइट से काफी हद तक रिवर्स किया जा सकता है। इसके लिए शुगर के मरीज की डाइट में इन चीजों को शामिल करें।
डाइट से डायबिटीज कंट्रोल
वजन घटाएं- डायबिटीज के मरीज को अपना 5–7% वजन कम करने का टारगेट सेट करना चाहिए। इसके लिए रोज लगभग 500 कैलोरी की कमी करके वजन कम करने का टारगेट हासिल करने में मदद मिल सकती है। थोड़ा सा वजन कम करने से भी इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार होता है और डायबिटीज का खतरा कम होता है।
खाने में कार्बोहाइड्रेट कम रखें- आपको अपनी डाइट में कुल कैलोरी में से कार्बोहाइड्रेट कम करना है। ज्यादातर भारतीय 60-70 प्रतिशत डाइट में कार्ब्स लेते हैं। जिसे आपको लगभग 50–60% से कम रखने की कोशिश करनी चाहिए। इसके लिए डाइट में साबुत अनाज, दालें, सब्जियां और ज्यादा फाइबर वाली चीजें शामिल करनी चाहिए। सफेद चावल, मैदा, मिठाइयां और मीठे ड्रिंक कम कर दें।
प्लेट मॉडल को अपनाएं- आपको प्लेट मॉडल पर ध्यान देना चाहिए। जैसे ½ प्लेट सब्जियां, ¼ प्लेट प्रोटीन, ¼ प्लेट अनाज या कोई दूसरी स्टार्च वाली चीजें। यह तरीका खाने की मात्रा यानि पोर्शन कंट्रोल और ग्लाइसेमिक रिस्पॉन्स को बेहतर बनाने में मदद करता है।
कुल फैट कम करें- आपको फैट की मात्रा कम करनी है। ये कैलोरी के लगभग 20–30% तक ही होना चाहिए। इसमें सैचुरेटेड और ट्रांस फैट का सेवन कम से कम करें। MUFA/PUFA वाली चीजों को शामिल करें, जैसे नट्स, बीज और हेल्दी वेजिटेबल ऑयल खाएं।
भरपूर प्रोटीन खाएं- आपको खाने में कुल कैलोरी का 15–20% प्रोटीन खाना चाहिए। इसके लिए दालों, फलियों, डेयरी उत्पादों, मछली, अंडे या लीन मीट को डाइट में शामिल करें। इससे पेट भरा हुआ महसूस होता है और वजन कम करते समय मांसपेशियों को बनाए रखने में मदद मिलती है।
सब्जी और फल खाएं- खान में सब्जी और फलों की मात्रा बढ़ा दें। रोजाना कम से कम 6–8 सर्विंग सब्जियां खाएं। फलों को सीमित मात्रा में शामिल करें। अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड, बार-बार बाहर खाने, शराब और जरूरत से ज्यादा स्नैक्स खाने से बचें।
बादाम और पिस्ता खाएं- डाइट में आपको मेन मील से 30 मिनट पहले 20–30 ग्राम बिना नमक वाले बादाम या पिस्ता खाएं। इससे खाने के बाद अचानक बढ़ने वाले ब्लड ग्लूकोज को कम किया जा सकता है। पेट भरा हुआ महसूस करने और वजन कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
