पीलीभीत। ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और पारंपरिक कुश्ती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम कल्याणपुर खास में दो दिवसीय दंगल का आयोजन किया गया। गुरुवार को गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने फीता काटकर दंगल का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने दूर-दराज क्षेत्रों से आए पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद प्रतियोगिताओं और दंगल जैसे आयोजनों का निरंतर आयोजन होना चाहिए। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा मिलता है।
दंगल के पहले दिन नेपाल से आए पंडित थापा पहलवान, बजरंग अखाड़ा बरेली के प्रदीप गुर्जर एवं तूफान पहलवान, बीसलपुर केसरी अखाड़ा के इरफान पहलवान, अजमेर के बाबर अजमेरी पहलवान तथा गोरखपुर के शास्त्री और मुन्ना पहलवान सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवान आकर्षण का केंद्र रहे। राज्य मंत्री ने सभी पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनके खेल की सराहना की।दो दिनों तक चलने वाले इस दंगल का समापन 13 नवंबर को होगा। आयोजन में निशिथ वर्मा, प्रेम गंगवार, राजपाल प्रधान कनकोर, रामपाल प्रधान कल्याणपुर खास और संजीव गंगवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। राज्य मंत्री के साथ संजीव चैहान, राकेश लोधी सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
