संग्रामपुरः घर में घुसा विशालकाय अजगर, वन विभाग ने पकड़ा
November 18, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। थाना संग्रामपुर क्षेत्र के मिसिरपुर भैरोपुर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रोशनलाल विश्वकर्मा के कच्चे मकान में एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। घर में अजगर देखकर परिवार के लोग दहशत में आ गए। आशंका जताई गई कि अजगर बकरी को अपना निवाला बनाने की फिराक में घर में घुसा था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिवार के मुखिया रोशनलाल विश्वकर्मा ने तत्काल अमेठी वन क्षेत्राधिकारी को फोन के माध्यम से सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन क्षेत्राधिकारी ने संग्रामपुर क्षेत्र में तैनात वन विभाग के दैनिक श्रमिकों को मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित पकड़ने के निर्देश दिए। वन क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर दैनिक श्रमिक राजकुमार मिश्रा और अरविंद सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों श्रमिकों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद विशालकाय अजगर को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। अजगर के पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घर में मौजूद लोगों का कहना था कि समय रहते वन विभाग की टीम पहुंच गई, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई। पीड़ित परिवार ने मौके पर पहुंचे दोनों दैनिक श्रमिकों राजकुमार मिश्रा और अरविंद सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। वहीं अमेठी वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि फोन के माध्यम से मिसिरपुर गांव में अजगर दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही संग्रामपुर क्षेत्र में तैनात वन विभाग के कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता की सराहना की।
