प्रतापगढः संविदा लाइनमैन की मौत को लेकर एसएसओ समेत विद्युत कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
November 15, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। लाइन ठीक करते समय अचानक विद्युत सप्लाई होने से संविदा लाइन मैन की मौत को लेकर लालगंज कोतवाली पुलिस ने एसएसओ समेत सप्लाई से जुड़े विद्युत कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। वहीं घटना के दूसरे दिन रविवार को दोपहर बाद मृतक का शव पीएम के बाद रामपुर बाजार पहुंचा तभी परिजनों में दोबारा चीख पुकार मच गई। परिजन मृतक का शव विद्युत उपकेन्द्र के सामने रखकर जमीन आवंटन की मांग करने लगे। वहीं विभाग में मृतक लाइनमैन के परिजनों को बीमा के तहत दस लाख रूपये की सहायता दिये जाने का लिखित आश्वासन दिया है। हालांकि परिजनों की मांग पर उपकेन्द्र में तैनात जेई कमलेश कुमार यादव ने मृतक की पत्नी को पेंशन, पीएफ भुगतान तथा उसे विद्युत सखी की सेवा में समायोजित करने का लिखित आश्वासन भी थमाया है। लालगंज कोतवाली के रामपुर बावली निवासी संतोष कौशल रामपुर विद्युत उपकेन्द्र में संविदा लाइनमैन तैनात था। शानिवार को वह क्षेत्र सराय जानमती बबुरी में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की विद्युत सप्लाई को ठीक करने गया था। अचानक लाइन में सप्लाई आ जाने से वह करण्ट की चपेट में आ गया। इसके चलते उसकी मौत हो गयी। लालगंज ट्रामा सेंटर में लाइनमैन की मौत को लेकर घटना की देर शाम तक परिजनों ने हंगामा किया। लिखित आश्वासन के बाद शव देर रात पीएम के लिये जिला मुख्यालय भेजवाया गया। घटना को लेकर मृतक की पत्नी अम्बिका देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पावर हाउस पहुंचने पर उसके पति को एसडीओ के आदेश पर जेई ने सहायक प्रकाश श्रीवास्तव के साथ लाइन ठीक करने भेजा गया। तहरीर में कहा गया है कि सप्लाई ठीक करने को लेकर मृतक ने उपकेन्द्र पर तैनात एसएसओ दान बहादुर सिंह को फोन से सूचना दी। उसके बावजूद विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से आपूर्ति चालू कर दी गयी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एसएसओ समेत सप्लाई से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है, केस दर्ज किया गया है, जांच कर कार्रवाही की जायेगी। इधर पीएम के बाद मृतक लाइनमैन का शव परिजन रामपुर विद्युत उपकेन्द्र के सामने रखकर जमीनी आवंटन की मांग पर अड़े दिखे।
