शाहबाद । भाई-दूज के पावन पर्व पर जिला कारागार में बुधवार को विशेष व्यवस्थाओं के बीच महिला एवं पुरुष बंदियों की उनकी बहनों और परिजनों से मुलाकात कराई गई। कारागार में कुल 256 पुरुष बंदियों से मिलने के लिए 640 परिजन और बहनें पहुंचे, जिनमें 240 बच्चे भी शामिल रहे।बहनों ने सांस्कृतिक रीति-रिवाजों के साथ अपने भाइयों से मुलाकात की।
भाई दूज को लेकर जिला कारागार प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। परिजनों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित कर मार्गदर्शन किया गया। बहनों को रोली, दीपक और आरती की सामग्री उपलब्ध कराई गई। पेयजल के लिए वाटर कूलर लगाए गए, जबकि बैठने के लिए टेंट और कारपेट की व्यवस्था की गई।
मुलाकात के दौरान बंदियों और उनके परिजनों के बीच भावनात्मक और हर्षोल्लास का माहौल रहा। जरूरत पड़ने पर बंदियों और उनके परिजनों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल हेल्प डेस्क पर डॉक्टर और फार्मासिस्ट भी तैनात रहे।
भाई दूज के आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए कारागार के अधिकारी और कर्मचारी पूरे समय मुस्तैद रहे। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिला। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कारागार परिसर में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
भाई-दूज का पर्व सांस्कृतिक रीति-रिवाजों के साथ सौहार्द और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
