अमेठीः यातायात जागरूकता अभियान! 210 वाहनों का चालान, 3.20 लाख रुपये जुर्माना
November 15, 2026
अमेठी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अमेठी यातायात पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता माह नवंबर-2026 के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के 15वें दिन रविवार को यातायात पुलिस ने वाहन चालकों, ट्रक चालकों और आमजनमानस को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित सफर का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात दिनेश कुमार मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक शोभनाथ राम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जागरूकता संबंधी पम्फलेट भी वितरित किए गए। पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, बाइक पर तीन सवारी न बैठाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। इसके साथ ही वाहन चालकों को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान कुल 210 वाहनों का चालान करते हुए 3 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
