Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, 125 सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिया गया प्रशिक्षण


अमेठी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में तैनात 125 सेक्टर मजिस्ट्रेट को दो पालियों में निर्वाचन संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और अधिकारियों की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्वाचन प्रक्रिया की अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी पीठासीन अधिकारियों, पोलिंग पार्टियों, रिटर्निंग ऑफिसर और जिला निर्वाचन अधिकारी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की होती है। इसलिए सभी अधिकारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें और अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। निरीक्षण के दौरान रैंप, बिजली, पेयजल, शौचालय, आवश्यक फर्नीचर और मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति का जायजा लें। जहां भी कोई कमी मिले, उसकी जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त कराई जा सके। उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का विशेष निरीक्षण करने तथा वहां की परिस्थितियों का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ और सुपरवाइजर के साथ बैठक कर मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त करने को कहा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर कुल मतदाताओं के साथ पुरुष एवं महिला मतदाताओं की अद्यतन संख्या उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव ने प्रोजेक्टर के माध्यम से निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं, सेक्टर मजिस्ट्रेट के दायित्वों और मतदान केंद्रों के निरीक्षण की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह सहित संबंधित अधिकारी और चारों विधानसभा क्षेत्रों के सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

              

डीएम ने कहा- निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं सेक्टर मजिस्ट्रेट, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का समय से कराएं सत्यापन

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |