Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

उत्तराखडः मां धारी देवी मंदिर के समीप बनेगी आधुनिक दो मंजिला पार्किंग, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत! करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग के लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, भूमि हस्तांतरण और तकनीकी औपचारिकताओं की प्रक्रिया गतिमान


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत आगे बढ़ रही परियोजना, सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में चल रही कार्यवाही


उत्तराखड । उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पौड़ी जनपद स्थित प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना पर कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की अधिक आवाजाही को देखते हुए प्रस्तावित पार्किंग से मंदिर क्षेत्र में यातायात एवं वाहन पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत धारी देवी, श्रीनगर में पार्किंग निर्माण की यह योजना प्रस्तावित है। परियोजना के लिए भूमि चिह्नीकरण एवं भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित की गई है।

प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। मंदिर के निकट होने के कारण यह स्थल पार्किंग निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।

चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी कराया जा चुका है। सर्वेक्षण के अनुसार निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाई गई है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी, जिसमें करीब 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी।

परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी द्वारा कार्यदायी संस्था नामित किए जाने के संबंध में सचिव, आवास, उत्तराखंड शासन को प्रेषित किया गया है। कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद प्रस्तावित स्थल का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके उपरांत जीआईएस के निर्देशों के अनुरूप मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से पार्किंग का संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाना प्रस्तावित है, ताकि निर्माण में तकनीकी मानकों, मजबूती एवं सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा सके।

परियोजना के लिए चिह्नित भूमि वर्तमान में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 से लगी हुई है। अभिलेखों में यह भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है तथा वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित परियोजना से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किया जाना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित किए जाने की कार्यवाही प्रस्तावित है। इसके पश्चात निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा सकेंगी।

मां धारी देवी मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्रों में शामिल है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है, जबकि चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान वाहनों की संख्या में और वृद्धि हो जाती है। ऐसे में प्रस्तावित पार्किंग से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क किनारे वाहनों की अनियोजित पार्किंग से उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को कम करने में भी सहायता मिलेगी।

राज्य सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। मां धारी देवी मंदिर के समीप प्रस्तावित यह पार्किंग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे भविष्य में मंदिर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |