बीसलपुर। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और कार्यप्रणाली को परखने के लिए शनिवार को मुरादाबाद मंडल से आई उच्चस्तरीय टीम ने एसआरएम 2.0 कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर और क्षेत्र के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंची टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति परखी।
निरीक्षण करने वाली टीम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके रंजन और डीसीपीएम प्रभात शामिल रहे। अधिकारियों ने सीएचसी में ओपीडी संचालन, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल में रखे अभिलेखों और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का मौके पर उपलब्ध रिकॉर्ड से मिलान कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
टीम ने अस्पताल में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति भी देखी। इसके बाद क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखी जाए। अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ ही मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। व्यवस्थाओं में जहां भी कमी मिले, उसे प्राथमिकता से दूर किया जाए।इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलमगीर, बीसीएम सरफराज अहमद, बीपीएम प्रदीप गंगवार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं जिला मातृत्व स्वास्थ्य परामर्शदाता नितिन गंगवार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
