बीसलपुर और अमरिया की साइबर टीमों ने बैंकों से समन्वय कर कराई धनराशि वापस, आठ शिकायतों का हुआ निस्तारण
बीसलपुर। साइबर ठगों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवाने वाले आठ लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पीलीभीत पुलिस की साइबर टीमों ने कार्रवाई करते हुए ठगी के शिकार लोगों की कुल 1,11,519.03 रुपये की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। बीसलपुर और अमरिया थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीसलपुर और अमरिया थानों की साइबर टीमों ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर ठगी गई रकम वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने एमआरएम पोर्टल और न्यायालय के आदेशों के माध्यम से भी आवश्यक कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक, बीसलपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चार मामलों में पीड़ितों को कुल 35,024.08 रुपये वापस कराए गए। वहीं अमरिया थाना क्षेत्र के चार अन्य मामलों में 76,494.95 रुपये की धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस पहुंचाई गई।इन मामलों में किसी पीड़ित को 2,914.08 रुपये तो किसी को 22 हजार रुपये वापस मिले। इसी तरह एक अन्य पीड़ित को 13,477.95 रुपये और दूसरे को 53,497 रुपये की धनराशि वापस कराई गई। शेष मामलों में भी पुलिस ने संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम लौटाने की कार्रवाई पूरी की।इस तरह दोनों थाना क्षेत्रों की साइबर टीमों ने कुल आठ मामलों में 1,11,519.03 रुपये वापस कराकर पीड़ितों को आर्थिक राहत पहुंचाई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराने की कार्रवाई की जा सके।
