Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः 16 नवम्बर से शुरू होगी जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया, सीडीओ ने स्वगणना में लगे कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण! स्वगणना कार्मिक अपने क्षेत्र में उपस्थित रहकर स्वगणना हेतु आम जनमानस को करे जागरूक


प्रतापगढ़। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ प्रांगण में प्रगणकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वगणना कार्मिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्रदान किया तथा जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 16 नवम्बर से स्व-गणना की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इसके लिए सभी स्वगणना कार्मिक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करेंगे तथा उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 में पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल एवं पेपरलेस माध्यम से संपन्न कराई जा रही है। स्व-गणना के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन का उपयोग कर घर बैठे परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं दर्ज कर सकेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी स्वगणना कार्मिक से जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने तथा स्व-गणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षक धर्मेंद्र ओझा ने स्व-गणना के महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक अपनी जनगणना स्वयं कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल के माध्यम से निर्धारित वेबसाइट पर जानकारी दर्ज करनी होगी। स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि सबसे पहले ऐप पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी को सत्यापित कर ऐप पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। सभी जानकारियां दर्ज करने के बाद प्राप्त स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखना होगा। जब प्रगणक घर पर जनगणना के लिए पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिसके माध्यम से प्रगणक जनगणना की प्रक्रिया पूर्ण करेंगे।

प्रशिक्षण को व्यावहारिक रूप देने के लिए एपीओ मुख्यालय विनोद ने सभी प्रगणकों को मोबाइल ऐप पर स्व-गणना की प्रक्रिया का अभ्यास भी कराया, जिससे वे स्वयं प्रक्रिया को समझने के साथ-साथ आमजन को भी सही तरीके से जानकारी एवं सहयोग प्रदान कर सकें। इस अवसर पर एडीएम प्रतापगढ़, एसडीएम सदर आई ए  एस अनुष्का शर्मा, आईपीएस प्रशांत राज हुड्डा,आई ए एस अभिषेक सेहारा, प्रधानाचार्य राजकीय उमावि सराय आनादेव प्रतापगढ़ डॉ विंध्याचल सिंह एवं धीरज शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रगणक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |