मेरठ/मवाना। डीपीएम पब्लिक स्कूल, बहसूमा के कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा आज विद्या विश्वविद्यालय, मेरठ में एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा 12 के पश्चात उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा करियर निर्माण की संभावनाओं से अवगत कराना था।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को बीटेक, बीबीए, बीसीए, बी.फार्मा, एलएलबी सहित विभिन्न प्रोफेशनल एवं उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार अपनी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप पाठ्यक्रम का चयन कर वे अपने भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। साथ ही कक्षा 12 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने, लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन अपनाने तथा निरंतर परिश्रम के माध्यम से सफलता अर्जित करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
विद्यालय सचिव जगदीश त्यागी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कक्षा 12 विद्यार्थियों के जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से उनके भविष्य की दिशा निर्धारित होती है। आज का विद्यार्थी केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित न रहे, बल्कि अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं कौशल को विकसित कर एक सफल, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प ले।
जगदीश त्यागी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं कठिन परिश्रम को सफलता की वास्तविक कुंजी बताते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर अपार संभावनाएं छिपी होती हैं। आवश्यकता केवल उन संभावनाओं को पहचानने, सही दिशा में आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की है।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की आधारशिला है तथा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान का विस्तार करते हैं, उनकी सोच को व्यापक बनाते हैं और उन्हें अपने भविष्य के प्रति अधिक जागरूक एवं जिम्मेदार बनाते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जिया जैदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं से परिचित कराया। प्रधानाचार्य ने भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के कोऑर्डिनेटर मुकुल त्यागी, कार्यक्रम प्रभारी प्रदीप गुप्ता एवं आरती चैहान के कुशल संयोजन एवं समर्पित प्रयासों से संपन्न हुआ।
यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं भविष्य की दिशा निर्धारित करने वाला सिद्ध हुआ। डीपीएम पब्लिक स्कूल निरंतर ऐसे शैक्षिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक ज्ञान तथा उज्ज्वल भविष्य के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
