समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई संगोष्ठी, सामाजिक न्याय और संघर्ष के विचारों को किया याद
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय सोनभद्र में शनिवार, 10 अक्टूबर को पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी को नमन करते हुए उनके संघर्ष, सादगी और समाजवादी विचारधारा को याद किया।
जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि नेताजी का जीवन किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। शिक्षक से लेकर देश के रक्षा मंत्री और तीन बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने तक का उनका सफर संघर्ष और जनसेवा की मिसाल है।
सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि नेताजी ने हमेशा जमीन से जुड़े लोगों की आवाज को प्राथमिकता दी और सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत किया। राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, रमेश चंद्र दुबे और परमेश्वर दयाल सहित अन्य नेताओं ने कहा कि नेताजी के विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को समानता, सामाजिक न्याय और जनसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे।इस अवसर पर जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी सहित पार्टी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
