घोरावल विधानसभा के कम्हारी गांव की रहने वाली हैं आशा विश्वकर्मा, कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल।
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महिला मोर्चा की नई जिम्मेदारी सौंपते हुए सोनभद्र की कर्मठ कार्यकर्ता श्रीमती आशा विश्वकर्मा को भाजपा महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया है। उनके मनोनयन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
आशा विश्वकर्मा सोनभद्र जनपद की घोरावल विधानसभा क्षेत्र के कम्हारी गांव की निवासी हैं। पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यकर्ता के रूप में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में आशा विश्वकर्मा के सामने जिले में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, महिलाओं को पार्टी से जोड़ने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। साथ ही महिला कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उनकी नियुक्ति को जिले में महिला संगठन के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आशा विश्वकर्मा के जिलाध्यक्ष बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
