216 हिंदू और 9 मुस्लिम जोड़ों का रीति-रिवाज के अनुसार हुआ विवाह, नवदंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए मिलेगी एक लाख रुपये की सहायता
सोनभद्र, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को डायट परिसर, उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कुल 225 जोड़ों का विवाह उनके धर्म और परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 216 हिंदू और 9 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
समाज कल्याण विभाग की ओर से जिला प्रशासन के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, ब्लॉक प्रमुख रॉबर्ट्सगंज अजीत रावत, ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह, ब्लॉक प्रमुख नगवां आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारियों ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग और पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों ने सहयोग किया।
म्योरपुर से सर्वाधिक 43 जोड़े शामिल
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार रॉबर्ट्सगंज से 38, करमा से 19, चतरा से 11, नगवां से 5, दुद्धी से 15, म्योरपुर से 43, घोरावल से 29, चोपन से 21, कोन से 8 और बभनी से 24 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र के 12 पात्र जोड़े भी विवाह समारोह में शामिल रहे।
प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान
जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासनादेश के अनुसार प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें कन्या के दांपत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से उसके बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई। इसमें गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन, मिष्ठान सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है। वहीं, भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजामों पर प्रति जोड़े 15 हजार रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है।
नवंबर में फिर होगा सामूहिक विवाह आयोजन
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अगला आयोजन 15 से 25 नवंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना तथा नवदंपतियों को नई गृहस्थी शुरू करने में आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है।
