Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

शरद गुट के MLA जितेंद्र आव्हाड को जान से मारने की धमकी


महाराष्ट्र में शरद पवार गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड को धमकी भरा फोन कॉल आया है। जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर धमकी दी। कॉल कर आरोपी ने कहा, "मैं घर के बाहर खड़ा हूं, तुम्हें ठोक दूंगा।" धमकी भरा कॉल आने के बाद जितेंद्र आव्हाड ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। फिलहाल, कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान और धमकी के पीछे की वजह को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

डॉ. जितेंद्र आव्हाड महाराष्ट्र के एक बहुत ही जाने-माने नेता हैं। फिलहाल वे शरद पवार की पार्टी (NCP-SP) में विधायक हैं और शरद पवार के बहुत खास और भरोसेमंद माने जाते हैं। उनकी राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन से हुई थी। जब साल 1999 में शरद पवार ने एनसीपी पार्टी बनाई, तब से जितेंद्र आव्हाड उनके साथ हैं। वे ठाणे की मुंब्रा-कलवा विधानसभा सीट से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।


1999 में जितेंद्र आव्हाड युवा एनसीपी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। यहीं से उन्होंने मुख्यधारा की राजनीति में कदम रखा और 2002 में विधान परिषद (MLC) के सदस्य चुने गए। मार्च 2008 में उन्हें पांच साल के कार्यकाल के लिए दोबारा विधान परिषद का सदस्य चुना गया। 2009 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और मुंब्रा-कलवा विधानसभा क्षेत्र से बड़े अंतर से जीत हासिल की। मई 2014 में उन्हें पृथ्वीराज चव्हाण सरकार में चिकित्सा शिक्षा, बागवानी और रोजगार गारंटी मंत्री बनाया गया। महाराष्ट्र के बागवानी मंत्री के रूप में डॉ. जितेंद्र आव्हाड उस समय चर्चा में आए, जब उन्होंने राज्य में बागवानी को बढ़ावा देने, किसानों को प्रोत्साहित करने, उनके उत्पादों के प्रचार और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अमिताभ बच्चन को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनाने का प्रस्ताव दिया। जुलाई 2014 में अमिताभ बच्चन को महाराष्ट्र के बागवानी क्षेत्र का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया।

डॉ. जितेंद्र आव्हाड ने मेडिकल छात्रों की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने के लिए ‘कॉफी विद स्टूडेंट्स’ नाम से एक पहल शुरू की। पहले ही महीने में मुंबई, ठाणे, पुणे, औरंगाबाद, कोल्हापुर, नागपुर, धुले और सोलापुर जैसे शहरों को इस पहल के तहत शामिल किया गया। इसके माध्यम से छात्रों और कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए।

2019 में उन्हें उद्धव ठाकरे सरकार में आवास मंत्री बनाया गया। मार्च 2022 में नवाब मलिक के मंत्रिमंडल से हटने के बाद, जितेंद्र आव्हाड को अल्पसंख्यक विकास और औकाफ विभाग का मंत्री नियुक्त किया गया। 2023 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में राजनीतिक संकट के दौरान, अजित पवार के इस्तीफे और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद, जितेंद्र आव्हाड को महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया। इसके साथ ही उन्हें पार्टी का मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) भी बनाया गया।

वहीं, बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम को मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई। टाइगर एक निजी कार्यक्रम से निकल रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है। सात राउंड गोलियां चलाए जाने का दावा किया गया है। घटना के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की। मामले में 19 अक्टूबर को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |