लखनऊ। केंद्रीय सतर्कता आयोग की ओर से चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा के लखनऊ अंचल कार्यालय की ओर से बुधवार को गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में वॉकथॉन का आयोजन किया गया। 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
बैंक ऑफ बड़ौदा के लखनऊ अंचल प्रमुख एवं महाप्रबंधक शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है कि वह अपने कार्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करे। भ्रष्टाचार न केवल संस्थागत व्यवस्था को कमजोर करता है, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी बाधा बनता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहते हुए कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी के साथ ओटीपी साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं में घबराने के बजाय सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर रुको, सोचो और एक्शन लो की नीति अपनाएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक सचिन वर्मा, लखनऊ मेट्रो क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख अरबिंद कुमार, लखनऊ जिला क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख सुभाष ढाका, सहायक महाप्रबंधक अनीश भारती तथा मुख्य प्रबंधक (सतर्कता) कमलेश गुप्ता सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वॉकथॉन का उद्देश्य आमजन को सतर्कता, पारदर्शिता और ईमानदारी के प्रति जागरूक करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
