Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः बाढ़ का पानी उतरते ही नगर निगम का सफाई अभियान शुरू करने की तैयारी तेज


जलस्तर गिरने वाले क्षेत्रों में मड पंप लगाकर डीसिल्टिंग तेज करने के निर्देश, प्रत्येक गली के लिए सुपरवाइजर और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय


लखनऊ। बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, जलनिकासी और स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी कार्यों को तेजी से पूरा कराने के लिए लखनऊ नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जोन-3 के जोनल कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जोनल अधिकारी जोन-3 अजीत राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जोन-3 और जोन-6 के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर घटने के बाद किए जाने वाले कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने इस अभियान को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जलस्तर गिर चुका है, वहां मड पंप लगाकर डीसिल्टिंग और सफाई के कार्य तेजी से कराए जाएं, ताकि प्रभावित गलियों और नालियों से जमा मिट्टी, कीचड़ और गंदगी को हटाया जा सके।बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान और कार्यों के बेहतर प्रबंधन के लिए प्रभावित इलाकों की जीआईएस मैपिंग कराई गई है। इसके बाद पूरे क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिससे कार्यों की निगरानी और जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया जा सके।प्रत्येक सेक्टर में इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य और जलकल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही गलीवार सुपरवाइजर और कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है, ताकि प्रत्येक प्रभावित गली में सफाई और अन्य आवश्यक कार्य व्यवस्थित रूप से कराए जा सकें।नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से बाढ़ का पानी उतर चुका है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मड पंप लगाकर डीसिल्टिंग का कार्य कराया जाए। सड़कों, गलियों और नालियों में जमा मिट्टी एवं कीचड़ हटाने के साथ सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। अभियान को क्षेत्रवार संचालित करते हुए कार्यों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। जलस्तर कम होने के अनुसार क्षेत्रों में सफाई अभियान आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे प्रभावित इलाकों में सामान्य स्थिति बहाल करने और स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिल सके।बड़े पैमाने पर सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए नगर निगम के अन्य जोनों से भी अतिरिक्त मानवबल बुलाया गया है। बैठक में एलएसए और एलएसजी से भी कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।नगर आयुक्त  ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलस्तर गिरने वाले क्षेत्रों में बिना विलंब सफाई अभियान शुरू किया जाए और उपलब्ध संसाधनों एवं मानवबल का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |