बीसलपुर। थाना बीसलपुर क्षेत्र में चोरों ने एक धुलाई-पंचर की दुकान को निशाना बनाते हुए ईंटें उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखा सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई। घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई।
अमरा करोड़ गांव निवासी कुलदीप की भसूड़ा चैराहे से करीब 200 मीटर पहले धुलाई एवं पंचर की दुकान है। मंगलवार रात चोरों ने दुकान की कुछ ईंटें तोड़कर निकाल दीं और टीन खोलकर अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखी एक बड़ी बैटरी, बड़ी-बड़ी रिंच चाबियों का पूरा थैला, जैक, मोटरसाइकिल के ट्यूब और टायर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह करीब नौ बजे कुलदीप दुकान पर पहुंचे तो सामान बिखरा मिला और दुकान की दीवार व टीन टूटी हुई थी। चोरी का पता चलते ही उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी। पीड़ित के मुताबिक चोरी होने से उसे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले में कुलदीप ने थाना बीसलपुर में प्रार्थना पत्र देकर चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज करने तथा चोरों का पता लगाकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
