Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन


अमेठी। पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन अमेठी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस के अमर शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और सलामी देकर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त कियज्ञं कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संदेश से उपस्थित पुलिसकर्मियों को अवगत कराया। साथ ही विगत एक वर्ष में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के शौर्य, साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान को याद किया। उन्होंने देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसकर्मियों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से जुड़ी है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों की शहादत को याद करने और कर्तव्य के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में यह दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य पुलिस बलों के साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को स्मरण करना है। अमेठी पुलिस ने भी शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |