अमेठीः तीन घरों के बुझ गए चिराग, पसरा मातम
October 27, 2026
अमेठी। सुलतानपुर-धम्मौर राजमार्ग पर सोमवार शाम हुए सड़क हादसे ने रामापुर गांव के तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कब्रिस्तान के पास राइडर बाइक सड़क किनारे खाई में गिरने से विशाल कोरी और ईशू कोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल रोहित ने मंगलवार को लखनऊ के हायर सेंटर में दम तोड़ दिया। तीनों अमेठी थाना क्षेत्र के निवासी और आपस में पड़ोसी थे। मंगलवार तक किसी का भी शव घर नहीं पहुंचा था। परिजन अपनों के अंतिम दर्शन की आस में गमगीन हैं। मृतकों में विशाल कोरी (17) पुत्र झल्लर कोरी, ईशू कोरी (करीब 20) पुत्र दल बहादुर कोरी उर्फ कल्लू और रोहित (करीब 17) पुत्र हरीश चंद्र शामिल हैं। तीनों सुलतानपुर में सटरिंग का काम करने गए थे। हादसे में बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। विशाल दो भाइयों और दो बहनों में था। बड़े भाई श्रवण और बहन काजल की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत से मां मीना बेसुध हैं। ईशू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। बाइक भी उसी की थी। मां रंगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, रोहित दो भाइयों और एक बहन में था। उसकी मां संगीता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीनों को जाल बांधने, सटरिंग, पुट्टी और पेंट का काम आता था। उनके पिता भी दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। मेहनत-मजदूरी से परिवार की जिम्मेदारियां उठाने वाले तीनों युवकों की किसी की शादी नहीं हुई थी। उनकी कमाई से परिवार को बेहतर भविष्य की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने सब कुछ छीन लिया। रामापुर में मातम पसरा है। जिन बेटों के सहारे परिवार के सपने पल रहे थे, उनके बिछड़ने से घरों में चीख-पुकार मची है। परिजन अभी अपनों के शव घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। गांव की गलियों में पसरा सन्नाटा इस दर्दनाक हादसे की गवाही दे रहा है।
