Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः यूपी बोर्ड परीक्षा 2027! प्रस्तावित केंद्रों की सूची जारी, 28 अक्टूबर तक आपत्ति का मौका


अमेठी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जनपद अमेठी के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों के आवंटन की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को सूची का अवलोकन कर किसी भी विसंगति की स्थिति में 28 अक्टूबर 2026 तक आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों के आवंटन की सूची जारी की गई है। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के आवंटन की सावधानीपूर्वक जांच करें। यदि परीक्षा केंद्र के निर्धारण अथवा परीक्षार्थियों के आवंटन में कोई त्रुटि या विसंगति सामने आती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आपत्ति दर्ज कराएं। आपत्ति के साथ संबंधित साक्ष्य और आवश्यक सुझाव देना अनिवार्य होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी आपत्तियां एवं प्रत्यावेदन 28 अक्टूबर 2026 तक माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर भेजना अनिवार्य है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त प्रत्यावेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित पक्ष समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची में किसी नए केंद्र को शामिल करने अथवा संशोधन करने का अधिकार माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के सचिव के पास है। इस संबंध में अंतिम निर्णय परिषद स्तर से ही लिया जाएगा। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों के आवंटन की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, अमेठी के सूचना पट्ट तथा विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर भी उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों ने विद्यालयों से विद्यार्थियों और अभिभावकों को समय रहते जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |