Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः तेज रफ्तार वाहन ने उजाड़ा परिवार, मां-बेटे की मौत


अमेठी। रिश्तेदारी से हंसते-खेलते घर लौट रहे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर ने मां की गोद सूनी कर दी और पांच वर्षीय मासूम की जिंदगी छीन ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है, जबकि टक्कर मारने वाला चालक वाहन समेत फरार हो गया। सिंहपुर क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां और पांच वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के सराय गोपी गांव निवासी विकास मौर्य रविवार रात अपनी पत्नी मालती मौर्य (32) और पांच वर्षीय बेटे विराट के साथ बाइक से रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान इन्हौना के राजाफत्तेपुर संपर्क मार्ग पर दो सड़क मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। चिकित्सकों ने मालती मौर्य और उनके बेटे विराट को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास मौर्य को मेडिकल कॉलेज तिलोई में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर होने वाले जानलेवा हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |