कुंडा/प्रतापगढ़। घर तक आने-जाने के लिए रास्ते की मांग को लेकर सोमवार को एक ग्रामीण ने ऐसा कदम उठा लिया कि प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रास्ते की समस्या से परेशान 46 वर्षीय सुरेश सरोज निवासी सिया लक्ष्मणपुर टावर पर चढ़ गया और अपनी मांग पूरी कराने की जिद पर अड़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद उसे समझाकर नीचे उतारा।
बताया गया कि छेवगा ग्राम सभा में सुरेश सरोज के घर तक आने-जाने के लिए रास्ते की समस्या बनी हुई है। काफी समय से समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज सुरेश सोमवार को टावर पर चढ़ गया। ग्रामीण के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी कुंडा अजय यादव, बाघराय एसओ श्रवण कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीण से बातचीत कर उसकी समस्या सुनी और समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस कुंडा की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। टीम में राजकुमार सिंह, सुजीत कुमार शाक्य, आकाश कुमार, दिनेश कुमार और विष्णु कुमार मिश्रा शामिल रहे।मौके पर राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल आलोक कुमार और कानूनगो राजकिशोर शुक्ला नायब तहसीलदार लालमणि सरोज भी पहुंचे। वहीं खंड विकास अधिकारी शिव बहादुर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीण की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ग्रामीण के नीचे उतरने के बाद एसडीएम कुंडा अजय यादव और थाना प्रभारी श्रवण कुमार उसे अपने साथ लेकर उसके घर तक गए। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीण की रास्ते से संबंधित समस्या को समझा गया। इसके बाद मौके पर बनी तनावपूर्ण स्थिति शांत हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।
