Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुर में शहीद का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रक में घुसी, बेटे समेत चार की हुई मौत


उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 4 अक्टूबर की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा शहीद के परिवार के लिए काल बन कर आ गया। पंचकुला से देवरिया शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस हलियापुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में शहीद के बेटे, भाई और भतीजे समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा 4 अक्टूबर की सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 79.6 पर हुआ। बताया गया कि एंबुलेंस पंचकुला से शहीद का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी। एंबुलेंस में शहीद के परिवार के सदस्य भी सवार थे।

सुल्तानपुर में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी। हलियापुर के पास अचानक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन पिचक गया। चालक जसपाल का शव स्टेयरिंग में फंस गया। इस हादसे में शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौत हो गई। गौरव सिंह और चालक जसपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ को उपचार के लिए अयोध्या के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एंबुलेंस में फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची जिसमें उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि देवरिया के रुद्रपुर निवासी सेना के सुबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकुला में शहीद हो गए थे। उनका पार्थिव शरीर लेने के लिए परिवार से उनके भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और बेटे गौरव सिंह पंचकुला पहुंचे थे। 3 अक्टूबर की देर रात तीनों एंबुलेंस से शहीद का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए थे। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में परिवार के तीन सदस्यों और एंबुलेंस चालक की जान चली गई। हादसे के बाद शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ हलियापुर थाने में रखवाया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जता रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |